एक परिंदा आसमान का

एक परिंदा आसमान का, 
रेंग-रेंग कर चलता है,
पंख कहीं ना खो जाएं, 
खुद में हिम्मत भरता है।

मिट्टी की परतों में उसने, 
अपनी साख गँवाई है,
पर याद है उसको उसने ही, 
कभी बिजली मार गिराई है।
वो भूल गया है उड़ना शायद, 
या हवाओं से अनबन है,
ज़मीन ही जिसका घर थी, 
अब वही उसका बंधन है।
वो बंधन को अपनाकर, 
अपनी किस्मत फिर से लिखता है।

हर कदम पे चुभते कंकड़, 
उसे हकीकत देते हैं,
पर बंद आँख के सपने 
उसको अब भी दावत देते हैं।
सपनों को मरने नहीं देता, 
अश्कों से नम रखता है।
वो धूल झाड़कर पंखों से, 
फिर खुद को बेहतर करता है।

लोग हँसे उसकी हालत पर, 
बेचारा नाम दिया उसको,
आँधी ने झकझोरा इतना, 
कि बे-आराम किया उसको।
पर वो नादान नहीं जानता, 
रेंगना भी एक तैयारी है,
गहरी छलाँग लगाने को, 
अब उसकी ही बारी है।
छूट ना जाएं सांसे, 
अपनी सांसों में दम भरता है।

नील गगन है दूर सही, 
पर यादों में वो रहता है,
मैं रेंग रहा हूँ पर ज़िंदा हूँ, 
वो खुद से हर पल कहता है।
जिस दिन उसके टूटे पर, 
फिर से ताकत पाएंगे,
ये रेंगने वाले निशान ही, 
उसकी गाथा गाएंगे।
वो मरने से पहले हर पल, 
खुद को जिंदा करता है।
पंख कहीं ना खो जाएं
खुद में हिम्मत भरता है।
एक परिंदा आसमान का, 
रेंग-रेंग कर चलता है।

Comments

Popular posts from this blog

मेरा मुझमें है क्या बस मैं

चले हैं कबीर दूर गंगा के तीर

देश का क्या हाल है