सूनी इन आंखों में
सूनी इन आँखों में सपने रुकें कैसे,
जब वक्त की फितरत ही धोखा हुई है।
कल तक मेरे मन की अभिलाषा तुम्ही थे,
शब्दों का अर्थ और परिभाषा तुम्ही थे।
तुम सच थे और मेरी कल्पना तुम्ही से,
पूजा तुम्ही से थी और प्रार्थना तुम्ही से।।
सूनी इन आँखों में सपने रुकें कैसे,
जब वक्त की फितरत ही धोखा हुई है।
तुम क्या गए, जैसे पतझड़ हुआ है,
बरसों से खुशियों ने न मन को छुआ है।
मन के क्षितिज पर घटाएं तो छाईं,
पर प्यास जो बुझा दे वो बूंदें न आईं।।
बिन तेरे जीवन का आधार ही क्या,
तुम ही तो थे सारा संसार ही मेरा।
जिस राह पर तुम ही न साथी हमारे,
वहाँ बोझ कदमों का अब कौन धारे।।
सूनी इन आँखों में सपने रुकें कैसे,
जब वक्त की फितरत ही धोखा हुई है।
वो दो घड़ी जो तेरे संग बिताईं,
लगा जैसे जनमों की दौलत कमाई।
जो कथा युगों से अधूरी रही थी,
लगा आज पूरी वो होने चली थी।।
जब हाथ में मेरे हाथ तुम्हारा था,
लगता था सारा ये जग ही हमारा था।
तुम मुड़ गए बस एक आगाज़ दे कर,
चुप थे लब और आँखों को आवाज़ दे कर।।
सूनी इन आँखों में सपने रुकें कैसे,
जब वक्त की फितरत ही धोखा हुई है।
छोड़ी है तुमने बस यादों की छाया,
जिसमें नहीं तुम, वो कैसी ये माया।
साँसें थमीं और उम्मीद हारी,
बिन तेल बाती अब जले क्या बेचारी।।
सूनी इन आँखों में सपने रुकें कैसे,
जब वक्त की फितरत ही धोखा हुई है।
सूनी इन आँखों में सपने रुकें कैसे,
जब वक्त की फितरत ही धोखा हुई है।
Comments
Post a Comment