ईद आई है

हर तरफ नूर की बरसातें हैं
रूहानी सी बातें हैं
ज़मीं मुस्काई अम्बर खिल उठा 
अजब करामातें हैं।
मेरे मुर्शिद की गली में आज 
नूर की बारात आई है
मुबारक हो ज़माने को कि रहमत की ये ईद आई है।

न मस्जिद की तलब हमको 
न मंदिर की ही चाहत है
तेरे चेहरे के सजदे में 
खुदा की ही इबादत है
इन रोज़ों की तपिश ने 
दिल मुकम्मल सा बना डाला
मिटाई जब खुदी अपनी
हक़ीक़त तब ये पाई है।
मुबारक हो ज़माने को कि रहमत की ये ईद आई है।

न कोई अब अमीर यहाँ 
न कोई अब फ़क़ीर रहा
वज़ूद-ए-नफ़्स मिटा सबका 
बस ज़िक्र-ए-कदीर रहा
गले लग कर मिटा डालो
दिलों की रंजिशें सारी
सुकून-ए-क़ल्ब बनकर ही
दिलों में प्रीत आई है।
मुबारक हो ज़माने को कि रहमत की ये ईद आई है।

ऐ सालिक चाँद निकला है 
मिलन की इक मुराद लिए
मोहब्बत के चिराग़ों में 
इबादत की ही लौ लिए
नमाज़ें पढ़ के लौटे हैं 
दुआ में अर्श माँगा है
मुहब्बत बाँटने की आज 
रूहों की रीत आई है।
मुबारक हो ज़माने को कि रहमत की ये ईद आई है।

    - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Comments

Popular posts from this blog

मेरा मुझमें है क्या बस मैं

चले हैं कबीर दूर गंगा के तीर

देश का क्या हाल है