बीता हुआ जमाना

वो दिन कितने प्यारे थे, था मीठा अफ़साना,
याद बहुत आता है, बीता हुआ ज़माना।
हाँ, याद बहुत आता है, वो बीता हुआ ज़माना।

वो गाँव की डगरिया, वो कच्चे-कच्चे रस्ते,
हंसते-गाते जाते थे, लेकर स्कूल के बस्ते।
वो खेतों में दौड़ना, वो सबको हँसाना;
याद बहुत आता है, वो बीता हुआ ज़माना।

वो सीधी-सादी बातें, वो मन का सच्चा होना,
ईमान था सबकी दौलत, न था झूठा रोना।
वो भरोसा था सब पर, वो सबसे नेह जताना;
याद बहुत आता है, वो बीता हुआ ज़माना।

चौपाल की रौनक और हुक्के की गुड़-गुड़ थी,
दादा-दादी की कहानियों में ही सच्ची सुध-बुध थी।
वो बड़ों के कदमों में, अपना शीश झुकाना;
याद बहुत आता है, वो बीता हुआ ज़माना।

वो टेढ़े-मेढ़े रस्ते, वो पनघट का किनारा,
जहाँ चंचल सखियों का, जमघट था प्यारा।
वो गिल्ली-डंडे का खेल, वो मिट्टी से घर बनाना;
याद बहुत आता है, वो बीता हुआ ज़माना।

बस यादें ही बाकी हैं, दिल अब भी रोता है,
वो बचपन का जादू अब, सपनों में होता है।
कभी भूल न पाएं कोई, था ऐसा अफसाना
हाँ, याद बहुत आता है, वो बीता हुआ ज़माना।

Comments

Popular posts from this blog

मेरा मुझमें है क्या बस मैं

चले हैं कबीर दूर गंगा के तीर

देश का क्या हाल है