पहचान मिल जाए मुझे
मिट के होने का कोई उन्वान मिल जाए मुझे।
हर नफ़स में बस वही पहचान मिल जाए मुझे।।
खटखटा कर थक गई जो
ज़ात की ये बेबसी,
ख़ाक होकर मिल गई अब
रूह की वो बंदगी,
ख़ुदी से आगे कोई मैदान मिल जाए मुझे।
हर नफ़स में बस वही पहचान मिल जाए मुझे।।
सदियों से बस हिज्र की
दीवार ढोते आ रहे,
क़तरे होकर अश्क के
दरिया को खोते आ रहे,
फ़ना होकर इश्क़ में ईमान मिल जाए मुझे।
हर नफ़स में बस वही पहचान मिल जाए मुझे।।
खुल रहे हैं अब गिरह
मंसूर वाली चाह के,
सर हथेली पर लिए
रस्ते उसी की राह के,
वजूद मेरा ज़ब्त हो, सुल्तान मिल जाए मुझे।
हर नफ़स में बस वही पहचान मिल जाए मुझे।।
Comments
Post a Comment